पीलीभीत बस्ती नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार की देर शाम गन्ने से लदी खराब खड़ी ट्रॉली में पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पिकअप चालक समेत तीन लोग घायल हो गए हैं।
गोला लखीमपुर मार्ग पर गांव शहाबुद्दीनपुर के पास गोला चीनी मिल को गन्ना लादकर जा रही ट्राली का पिछला पहिया पंचर होने के कारण खड़ी थी। झंडीराज से संसारपुर आलू लादने जा रही पिकअप पीछे से ट्रॉली में घुस गई जिससे पिकअप में सवार व्यापारी अलीउल्ला (33), गुडडू (29), चालक अनीस (40) निवासी झंडी को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीण हरिनंदन वर्मा, प्रेमचंद, शरद, मनीष वर्मा ने 108 एंबुलेंस को फोन कर घायलों को सीएचसी फरधान भिजवाया। ग्रामीणों ने 100 नंबर फोन किया पर पुलिस नहीं आई।