युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिता में भाग लेतीं छात्राएं।
- फोटो : LAKHIMPUR
मोहम्मदी। युवा कल्याण विभाग नेमियांपुर गांव के खेल मैदान में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया।
खेल मैदान में दौड़ की हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में अली आसिम सिद्दीकी प्रथम, 400 मीटर दौड़ में सौरभ कुमार प्रथम, 800 मीटर दौड़ में कपिल कुमार प्रथम और 1500 मीटर दौड़ में ध्रुव सिंह प्रथम रहे। वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नीरज बौद्ध प्रथम, दीपशिखा सिंह द्वितीय रहीं, 400 मीटर बालिका दौड़ में ऋचा ने बाजी मारी। बालक वर्ग लंबी कूद में आशू प्रथम रहे।
बालिका वर्ग गोला फेंक में लक्ष्मी अव्वल रहीं। बालिका कबड्डी में वेदा विजेता और मोहम्मदी उपविजेता रही। बालक वर्ग कबड्डी में पिपरिया धनी प्रथम और मोहम्मदी की टीम द्वितीय रहीं। वॉलीबाल में रोरवा विजेता व शाहपुर राजा उपविजेता रहा। इससे पहले खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख महेन्द्र बाजपेयी ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा की कमी नही है। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर वे अपनी प्रतिभा को नए आयाम दे सकते हैं। खेलों में रेफरी और निर्णायक की भूमिका में शारीरिक शिक्षा अनुदेशक शचीन्द्र नारायण दीक्षित, राजीव तिवारी, संजय, राजकुमार मौजूद रहे। इस मौके पर बीओ युवा कल्याण सुधीर कुमार, तपन विश्वास, प्रधान मिथुन, सेक्रेटरी राहुल सिंह, प्रधान अनुज वर्मा, मुकेश बाजपेई, वेदराम, मनोज वर्मा, अचल बाजपेई, अरसी सुलताना, फरीद अहमद आदि मौजूद रहे।