उच्च प्राथमिक विद्यालय सेहरुआ में अखबार पढ़ते बच्चे। संवाद
सिकंदराबाद। शासन के निर्देश पर क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को अख़बार पढ़ाकर जागरूक किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सामान्य ज्ञान बढ़ाना और उन्हें देश-दुनिया की ताजा घटनाओं से जोड़ना है।
शासन के आदेश के बाद क्षेत्र के अधिकांश स्कूलों में प्रार्थना सभा के समय अख़बार पढ़ने की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में ब्लॉक गोला के उच्च प्राथमिक विद्यालय सेहरुआ में भी यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की गई है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य दीप शिखा ने बताया कि छात्रों को प्रतिदिन प्रार्थना सभा में अख़बार की प्रमुख खबरें पढ़वाई जा रही हैं। साथ ही बच्चों को यह भी समझाया जाता है कि अख़बार से उन्हें क्या लाभ मिलते हैं और कौन-सी खबरें उनके ज्ञानवर्धन के लिए उपयोगी हैं।
शिक्षकों का कहना है कि इस पहल से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित हो रही है। साथ ही वे सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्रीय विषयों की बेहतर समझ हासिल कर रहे हैं। अख़बार पढ़ने से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपनी बात पहले से अधिक स्पष्टता के साथ रखने लगे हैं। संवाद