लखीमपुर खीरी। जिले में रविवार को अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने कई जगह नुकसान पहुंचाया। तेज हवा से कुछ स्थानों पर मकान और दीवारें गिर गईं, जबकि भीरा-बिजुआ मार्ग पर बरमबाबा चौराहे के पास लगा स्मृति द्वार हाईवे पर गिर गया। इससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।
ग्राम पंचायत जगदेवपुर के जगनपुरवा गांव में आंधी से शेर सिंह यादव का छप्परनुमा मकान गिर गया। भानपुर गांव में बृजेश पुत्र मोतीलाल के मकान की एक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा बच गया। बिजुआ की ग्राम पंचायत मटैहिया के मजरा मझौरा में बांकेलाल का छप्परदार घर भी आंधी में गिर गया। परिवार पहले ही बाहर निकल चुका था, इसलिए सभी सुरक्षित बच गए। घर गिरने के बाद बांकेलाल का परिवार पड़ोसियों के यहां शरण लेने को मजबूर हो गया।
भीरा में तेज हवा से बिजुआ रोड स्थित बरमबाबा चौराहे पर लगा स्मृति द्वार अचानक हाईवे पर गिर गया। इससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोहे के पिलरों को कटवाकर द्वार हटवाया और यातायात सुचारु कराया।
वहीं मैलानी में दोपहर में अचानक घने काले बादल छा गए और कुछ देर के लिए दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। दुकानों में लाइटें जलानी पड़ीं। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
बाॅक्स
आज तेज हवा और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग ने जिले में यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
किसानों की बढ़ी चिंता-
बिजुआ। तेज हवाओं के कारण कई जगह गेहूं और लाही की फसल झुक गई। किसानों का कहना है कि अगर ओलावृष्टि हुई तो फूलगोभी, टमाटर, आलू और गन्ने की फसलों को नुकसान हो सकता है। जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में बारिश कम हुई है, इसलिए फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं होगा। हवा से गिरी फसल भी संभल सकती है। संवाद
बिजुआ के गांव मझौरा में आंधी में गिरा घर। संवाद