- नई बस्ती में दीवार फांदकर घुसे से दो युवक
- छह घंटे हिरासत में रखने के बाद आरोपी को पुलिस ने छोड़ा
- पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते चोरी की घटनाएं बढ़ीं
मोहल्ला नई बस्ती में चोरी की नीयत से बुधवार की रात घर में घुसे एक युवक को गृहस्वामी ने दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। गृहस्वामी का आरोप है कि युवक घर के अंदर खड़ी चाय की ठेली की रैक में रखे रुपये और अन्य सामान चुरा रहा था। उधर, पुलिस ने आरोपी को छह घंटे तक हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया, जिससे लोगों में रोष है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी अनुज कुमार ने बताया कि वह कस्बे के सिंगाही रोड पर ठेली लगाकर चाय बेचता है। बुधवार शाम करीब सात बजे चाय बेचकर वह ठेली लेकर घर गया और सो गया। रात करीब एक बजे दो युवक दीवार फांदकर घर में घुस आए। ठेले की रैक रखे 1500 रुपये और अन्य सामान चुराने लगे। आहट होने पर उसकी आंख खुल गई, जिस पर उसने एक आरोपी को घर में ही दबोच लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। उन्होंने इसकी सूचना यूपी 100 को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। सुबह बिना कार्रवाई किए पुलिस ने उसे थाने से छोड़ दिया। इससे पहले कस्बे में कई दुकानों, गुरुद्वारे में चोरियां हो चुकी हैं, जिसे पुलिस रोकने में फेल रही है। एसओ अजय यादव ने बताया कि पूछताछ के बाद उसे छोड़ा गया है। आवश्यकता पड़ने में दुबारा बुला लिया जाएगा।