सिख झाले के पास हड़कंप, सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे वन कर्मी
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बाघ की मौजूदगी की बात ग्रामीण कह रहे हैं लेकिन वन कर्मी इससे इंकार कर रहे हैं। रविवार को लौकिहा गांव के मजरा सुकईपुरवा निवासी हरजिंदर के झाले के पास स्थित खेत में बाघ के पगचिन्ह देखे गए हैं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन कर्मियों को भी दी लेकिन किसी ने मौका मुआयना तक नहीं किया।
शारदा नदी के बीहड़ में लौकिया का घना जंगल भी है। ग्रामीणों का मानना है कि नदी में बाढ़ की वजह से जंगली जानवर ऊंचे स्थान की तलाश में भटक कर आ रहे हैं। गांव निवासी हरजिंदर सिंह ने बताया कि सुबह जब घर के लोग खेत में गए तो चरी के खेत में बाघ के पगचिन्ह दिखे। उन्होंने बताया कि वन कर्मियों को सूचना दी गई है। फारेस्ट गार्ड कुलदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। मौका मुआयना किया जाएगा।