मितौली (खीरी)। कस्ता-सीतापुर मार्ग पर पकरिया चौराहे के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे पानी भरी खंती में स्टाफ नर्स का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पास मिले बैग में आधार कार्ड से महिला की पहचान ज्योति शुक्ला (37) पत्नी प्रमोद कुमार निवासी शिव कॉलोनी, लखीमपुर के रूप में हुई।
ज्योति सीतापुर के अटरिया स्थित हिंद अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात थीं। नौकरी के कारण वह सीतापुर में किराये के कमरे में रहती थीं। उनके पति प्रमोद कुमार के अनुसार, वह करनपुर, गोला कोतवाली क्षेत्र में रहते हैं। दोनों करीब चार वर्षों से वैवाहिक विवाद के चलते अलग रह रहे थे। उनके दो बच्चे हैं। बेटा हिमांशु शुक्ला हैदराबाद में लैब टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा है, जबकि बेटी भूमि शुक्ला पिता के साथ रहती है। मृतका का मायका महोली के भट्ठा मोहल्ले में है।
देर शाम आई पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। शरीर पर अन्य चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ज्योति खंती तक कैसे पहुंचीं और उनकी मौत से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं।
पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी जांची जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले के खुलासे की बात कह रही है।
-
महिला के गले पर चोट के निशान दिखाई दिए थे। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
-यदुवेंद्र यादव, सीओ मितौली