श्रीराम कथा के राम जन्म प्रसंग में सजा पांडाल, हुई पुष्प वर्षा
पंजाबी कॉलोनी स्थित ऋषि आश्रम में श्रीरामायण सभा के 79 वें वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन अंजनी शरण महाराज ने संगीतमय श्रीराम प्राकट्य प्रसंग सुनाते हुए कहा कि भगवान विष्णु ने मनु शतरूपा को दिए वरदान, श्रीनारद के श्राप और राक्षसों के विनाश के लिए भगवान राम को पृथ्वी पर अवतरित होना पड़ा।
भगवान श्रीराम प्राकट्य प्रसंग के समय व्यास आसन पर एक नन्हें बालक को श्रीराम के रूप में सजाकर पीतांबर पहनाकर झूले में बैठाया गया था। गुब्बारों, पुष्पों से सजे पांडाल में भक्तों ने पुष्प, बताशेे, मखाने, काजू, बादाम, टॉफी की वर्षा कर आनंद प्राप्त किया। लोगों में वर्षा हुआ प्रसाद उठाने की होड़ लगी रही। उत्सव के अवसर पर वाद्ययंत्रों पर बधाई गीत गाए गए। जिन्हें सुनकर श्रोता भक्तिरस से सराबोर हो गए।