लखीमपुर खीरी। जिले में संचालित प्राइमरी, जूनियर और सीनियर स्तर के मदरसों की दो दिवसीय जिला स्तरीय मदरसा खेलकूद प्रतियोगिता 21 दिसंबर से शुरू होंगी।
खेलकूद प्रतियोगिता समिति के जिलाध्यक्ष इमरान खान के साथ अरबी फारसी मदारिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल हुसैन (फूल मियां) ने अमीर नगर स्थित जहीर हसन अल्पसंख्यक इंटर कॉलेज के खेल मैदान को देखकर व्यवस्था करने के लिए लोगों को जिम्मेदारी दी। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे खेलों का शुभारंभ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य बख्शीश अहमद वारसी और समापन उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के सदस्य जरगामुद्दीन एवं अजमल हुसैन जैदी की उपस्थिति में होगा। खेलों में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर रेस, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन वॉलीबॉल, कैरम, रिले रेस को शमिल किया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार ने मदरसों के प्रधानाचार्य को खेलों में टीमों को प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार आरपी सिंह, उपनिदेशक राहुल कुमार गुप्ता और अन्य अधिकारियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल हुसैन ने बताया कि लखीमपुर में प्रथम बार खेलों का आयोजन हो रहा है जिससे मदरसों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं खेल में प्रतिभाग करके अपने अंदर छिपी प्रतिभाओं को उजागर करने के लिए आगे आएं।