वायरल वीडियो में नामजद आरोपी के साथ प्रभारी निरीक्षक एवं एसआई। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। जिनसे न्याय की उम्मीद हो और वही नामजद आरोपियों के साथ विदेशों की सैर सपाटा करें तो क्या पीड़ित को न्याय मिलने की अपेक्षा की जा सकती है। ऐसा ही कारनामा कोतवाली तिकुनियां पुलिस का सामने आया है। आगजनी का एक मामला दर्ज होने के 24 वें दिन ही प्रभारी निरीक्षक और विवेचक नामजद आरोपी की कार से सैर सपाटा करने नेपाल पहुंच गए। उन्होंने विदेश जाने की अपने आला अफसरों से इजाजत भी नहीं ली। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक से पूछा कि इंस्पेक्टर साहब-नेपाल कैसा लगा तो उन्होंने अपनी सफाई पेश की। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच सीओ निघासन को देकर रिपोर्ट तलब की है।
कोतवाली तिकुनियां के गांव गोवर्धनपुरवा निवासी ओमवती ने 19 दिसंबर को एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 दिसंबर 19 को पेड़ काटने की रंजिश में उनके घर में आग लगा दी, जिसमें लाखों रुपये के गहने, नकदी सहित सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था। पीड़ित के काफी भागदौड़ करने के बाद पुलिस ने गांव के ही किशोरी, दिनेश, अशोक, वलीराम और जगदीप सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 427 व 436 के तहत दर्ज कर ली थी। जांच एसआई नासिर कुरैशी को सौंपी गई। नामजद जगदीप सिंह ग्राम पंचायत गुलरिया पत्थर का शाह का प्रधान है। पुलिस इस मामले में डेढ़ महीने बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो सीसापानी (नेपाल) के सिद्धार्थ होटल का बताया जाता है। वीडियो पांच जनवरी 2020 की शाम 7:26 मिनट का है, जिसमें जगदीप सिंह, प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद और एसआई नासिर कुरैशी साफ दिख रहे हैं। खास बात यह है कि नेपाल जाने की सूचना प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने न तो अपने अफसरों को दी और न ही कोई परमीशन ली। वीडियो को एसपी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से पूछा कि इंस्पेक्टर साहबकैसा लगा नेपाल। यह सुन इंस्पेक्टर के होश उड़ गए। इंस्पेक्टर ने एसपी को सफाई देकर बताया कि वह दर्ज एक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए नेपाल गए थे। नेपाल जाने की परमीशन न लेने पर एसपी ने प्रभारी निरीक्षक को जमकर फटकार लगाई और पूरे मामले की जांच करने के आदेश सीओ निघासन को देकर रिपोर्ट मांगी है।
कार के पहिये चेक करते दिख रहे एसआई और इंस्पेक्टर
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पांच जनवरी शाम का है। शाम 7:26 मिनट पर सफेद कार होटल के पास रुकती है। जिसमें से वर्दी पहने दरोगा और प्रभारी निरीक्षक सादे कपड़ों में उतरते हैं। दोनों कार का पहले पहिया देखते हैं। बाद में चालक जगदीप कार को बैक कर सीधी खड़ा करता है। फिर एसआई जहां पैर लगाकर कार का टायर चेक करते दिखते हैं। वहीं प्रभारी निरीक्षक भी टायर की ओर कुछ इशारा करते दिख रहे हैं।
वीडियो कहां का है। यह स्पष्ट नहीं है लेकिन कार के पहिये को इंस्पेक्टर व दरोगा देख रहे हैं। इंस्पेक्टर ने नेपाल में दबिश देने जाने की बात बताई है। सीओ निघासन को जांचकर तथ्यात्मक रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-पूनम, एसपी