अधिकतर गांव में पड़ा ऑप्टिकल फाइबर केबल
रोजगार देने के लिए बनाएं जाएंगे बिजनेस पार्टनर
लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए गांवों को हाई स्पीड इंटरनेट सेवा से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत अब तक 1083 गांवों में ऑप्टिकल फाइबर केबल का जाल बिछाया जा चुका है।
बीएसएनएल के दूरसंचार महाप्रबंधक एसबी यादव ने बताया कि सीएम योगी ने गांव में बने पंचायत घरों को हाइस्पीड इंटरनेट से जोड़ने की बात कही है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराना है। इसके लिए बीएसएनएल ने गांवों में केबल डालने का काम शुरू कर दिया है। यह काम दो चरण में पूरा होना है। पहले चरण में छह ब्लॉक की 470 ग्राम पंचायत में केबल पहुंच चुका है, जबकि अन्य नौ ब्लॉक के 613 ग्राम पंचायत में तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि लोगों को रोजगार देने के लिए एक बिजनेस पार्टनर बनाया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को इंटरनेट सेवाएं मुहैया कराई जाएंगीं। बीएसएनएल का बिजनेस पार्टनर बनने के लिए कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। वार्ता में प्रदीप कुमार वर्मा, धनेश्वर कुशवाहा मौजूद रहे।