मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव श्रीपालपुर में 29 जून 2014 को कथित मुठभेड़ में पदुम भार्गव की हत्या के मामले में एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर तत्कालीन एसओ और सपा विधायक समेत 15 लोगों पर दर्ज किए गए हत्या के मुकदमे की जांच अब मोहम्मदी सीओ करेंगे। इससे पहले इस मामले की जांच सीओ मितौली को सौंपी गई थी, लेकिन एनकाउंटर के समय उनके द्वारा पर्यवेक्षण किए जाने के चलते उन्हें जांच से हटाया गया है।
बता दें कि एनकाउंटर में मारे गए पदुम भार्गव की मां गंगाजली ने कस्ता से सपा विधायक सुनील कुमार लाला, तत्कालीन एसओ विश्वनाथ यादव समेत 15 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा मैगलगंज थाने में दर्ज कराया है। वादी का आरोप है कि विधायक के इशारे पर पुलिस ने साजिशन हत्या कर दी थी। इस मामले में गंगाजली ने कोर्ट का सहारा लेकर सपा विधायक और तत्कालीन एसओ पर रिपोर्ट दर्ज कराकर सनसनी फैला दी है, लेकिन इस मामले में गंभीरता से जांच शुरू नहीं हो सकी है। शुरुआत में मामले की जांच सीओ मितौली को सौंपी गई, लेकिन उन्होंने भी अभी जांच शुरू नहीं की थी। फिर मामले की जांच सीओ मोहम्मदी को दी गई है, लेकिन जांच अभी शुरू नहीं हो सकी है। सीओ रामशंकर सिंह ने बताया कि अभी जांच मिली है। जल्द ही इस मामले की पूरी डिटेल हासिल कर जांच शुरू की जाएगी।