पलिया रेंज के अजीत नगर में परचून की दुकान के अंदर सांप को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दुधवा की मोटीवेटर नजरून निशा ने रैट स्नेक (धामन सांप) का रेस्क्यू कर लिया। इस दौरान सांप ने उनको काट लिया। इसके बाद वह खुद ही सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचीं और उपचार कराया।
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां में लोगों को सर्पदंश से बचाने और सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू करने वाली सर्प मित्र नजरून निशा रविवार को खुद रेस्क्यू के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गईं। पलिया रेंज के अजीत नगर स्थित एक परचून की दुकान में घुसे करीब छह फुट लंबे रैट स्नेक (धामन सांप) को पकड़ने के दौरान सांप ने उन्हें काट लिया।
विज्ञापन
दरअसल, दुकान में सांप होने की सूचना मिलने पर दुधवा की मोटीवेटर नजरून निशा सांप का रेस्क्यू करने पहुंची थीं। इसी दौरान रैट स्नेक ने उनके हाथ पर काट लिया। इसके बाद भी उन्होंने रेस्क्यू पूरा किया और सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वह स्वयं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
विज्ञापन
गैर-विषैला सांप होता है रैट स्नेक
नजरून निशा ने बताया कि रैट स्नेक गैर-विषैला सांप होता है और इसमें जहर नहीं होता। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल जाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं। सर्पदंश के बाद समय पर उचित उपचार मिलने से पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।
नजरून निशा अब तक 100 से ज्यादा सांप और 10 मगरमच्छ का रेस्क्यू कर चुकी हैं। 22 वर्षीय नजरून निशा दुधवा फाउंडेशन की सबसे निडर रेस्क्यू गर्ल के रूप में जानी जाती हैं। पलिया क्षेत्र में लोग उन्हें जंगल क्वीन, रेक्स्यू गर्ल व सर्प मित्र भी कहते हैं। नजरून पलिया की रहने वाली हैं। उनके पिता मैकेनिक हैं।