लखीमपुर खीरी। एक ओर कम नामांकन वाले स्कूलों के बच्चों को पड़ोसी स्कूल में स्थानांतरित किए जाने की कवायद तेज कर दी गई है। वहीं, नए आदेश के तहत हर 75 छात्र संख्या वाले स्कूलाें में स्मार्ट क्लास और 125 नामांकन वाले स्कूलों में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) लैब स्थापित की जाएगी।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि लगातार डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। कई स्कूलों में आईसीटी लैब पहले से ही संचालित की जा रही हैं। अब इनमें इजाफा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जब स्कूलों में सुविधाएं मिलेंगी तो नामांकन भी बढ़ेगा। अभिभावक भी अपने बच्चों को स्कूल भेजेंगे। एक ही परिसर में सभी कक्षाओं के अलग-अलग चलने से गुणवत्ता बढ़ेगी और ड्रॉप आउट दर में भी कमी आएगी। स्मार्ट क्लास में डिजिटल बोर्ड, हाई-स्पीड इंटरनेट और मल्टीमीडिया कंटेंट जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।