लखीमपुर खीरी। तृतीय वाहिनी एसएसबी के सामने सूखे तालाब में डंप घरेलू कूड़े में रविवार दोपहर आग लग गई। आग की लपटों और धुएं के गुबार से केंद्रीय विद्यालय के बच्चों सहित राहगीरों को परेशानी हुई।
आग की चपेट में आसपास की सूखी झाड़ियां और छोटे पेड़ भी झुलस गए। सूचना मिलने पर एसएसबी के जवानों ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। घटना के बाद खुले स्थानों पर कूड़ा फेंकने और उसके निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसएसबी वाहिनी के सामने स्थित सूखे तालाब में लंबे समय से घरेलू कूड़ा डाला जा रहा है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे किसी ने कूड़े में आग लगा दी। देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग फैलने से आसपास की सूखी झाड़ियां और छोटे पेड़ भी इसकी चपेट में आ गए।
मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी कमांडेंट प्रमोद देवरानी को मिली। उनके निर्देश पर एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई।
तृतीय वाहिनी एसएसबी के जनसंपर्क प्रकोष्ठ की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया कि सूखी घास और सूखे पेड़ों के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। घटना में कुछ छोटे-छोटे पेड़ झुलस गए, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर उठे सवाल
यह कूड़ा किसका था, यह स्पष्ट नहीं हो सका। घटना के बाद खुले स्थानों पर कूड़ा फेंकने और उसके निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने ऐसे स्थानों पर कूड़ा डंप करने पर रोक लगाने और आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।