मझगईं। क्षेत्र के चैरी गांव के दो युवकों ने छह लोगों पर बाइक रोककर रंजिशन लाठी-डंडों व बांके से प्रहार कर पिटाई करने का आरोप लगाया है। इनमें एक युवक की हालत गंभीर है। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव निवासी रोहित कुमार व सरोज कुमार रविवार सुबह दस बजे बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इस बीच खेत में घात लगाए बैठे छह लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद लाठी-डंडों व बांके से हमला कर पिटाई शुरू कर दी।
आरोप है कि सभी ने उनकी जमकर पिटाई की। इसमें रोहित का सिर फट गया और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बचाया।
आरोप है कि उक्त पिटाई करने वाले जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां रोहित की हालत गंभीर बताई जा रही है। रोहित की पत्नी जेसन देवी ने कार्रवाई की मांग की है। गंभीर घायल रोहित को पलिया सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि घायल रोहित के चचेरे भाई सरोज ने शिव कुमार, दुर्वेश, मनोज व धीरु के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मार देने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दविश दी गई थी, मगर वे मिले नहीं।