मोहम्मदी। क्षेत्र के गांव बड़ेरा में अचानक आग लगने से छह घर जलकर राख हो गए। आग में दो भैंस और तीन बकरियां भी झुलस गईं। बकरियाें की मौत हो गई। ब्लाॅक प्रमुख महेंद्र कुमार वाजपेयी ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
शनिवार सुबह करीब दस बजे राम-लखन के घर के पास पाती में अचानक आग लग गई। आग ने रामलखन सहित गांव के छह घरों को चपेट में ले लिया। आग लगने से रामलखन की एक बकरी, अनाज और छप्पर जल गया। सियाराम के यहां चारपाईं, साइकिल, छप्पर और दो बकरी जल गईं। श्यामू के यहां चारपाई और घरेलू सामान जल गया।
राजवीर के यहां दस बोरी धान, रजाई और गद्दे जल गए। रघुराज के घर दो भैंस झुलस गईं। इसमें बकरियों की मौत हो गई। आग की खबर लगते पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर घायल पशुओं का परीक्षण किया। लेखपाल और नायाब तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण किया। ब्लाॅक प्रमुख महेंद्र कुमार वाजपेई ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।
घर में लगी आग, हजारों का सामान जलकर राख
उचौलिया। गांव मोहीउद्दीनपुर में शनिवार को घर में आग लगने से नकदी और बाइक समेत हजारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। मोहीउद्दीनपुर में शनिवार सुबह करीब ग्यारह बजे वरने के घर में अचानक आग लग गई। उस समय उसकी पत्नी गीता और उसके दो बच्चे मां के साथ खेत पर गए थे। गीता का पति वरने और दो बड़े बेटे काम करने दिल्ली गए हैं। घर में आग लगने के समय कोई नहीं था। इसके चलते आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका।
जब घर से धुंआ उठा तो आग लगने का पता चला, लेकिन तब तक आग ने पूरे मकान को अपने आगोश में ले लिया था। पता चलते ही गीता खेत से घर वापस आई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से गीता के घर में रखे 40 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल समेत घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेखपाल अरविंद शुक्ला ने आग से हुए नुकसान का आंकलन किया है। संवाद
जानकीनगर में घूरे में लगी आग
मैगलगंज। थाना मैगलगंज के ग्राम जानकी नगर में शनिवार को घूरे में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास ही स्थित ग्रामीण निर्मल सिंह का मकान भी इसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए मिलकर आग पर काबू पा लिया। अगर समय रहते ग्रामीणों ने प्रयास न किया होता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना की सूचना देने के कई घंटे बाद भी अग्नि शमन सेवा मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। संवाद
बड़ेरा में आग से जले घर देखते ब्लाक प्रमुख महेंद्र कुमार वाजपेयी। संवाद
बड़ेरा में आग से जले घर देखते ब्लाक प्रमुख महेंद्र कुमार वाजपेयी। संवाद