वित्तीय वर्ष 2014-15 के लाभार्थियों को इंदिरा आवास की दूसरी किस्त जारी न होने पर सीडीओ नितीश कुमार ने छह ब्लाकों के बीडीओ और पटल सहायकों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी है। जबकि लोहिया आवास के कई लाभार्थियों को पहली किस्त जारी नहीं हो सकी है, जिसमें संबंधित बीडीओ की लापरवाही उजागर हुई है।
पीडी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि इंदिरा आवास योजना के तहत पलिया ब्लाक में 412, रमियाबेंहड़ में 356, निघासन में 446, नकहा र्में 206, ईसानगर में 209 और मितौली में 104 लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी नहीं हो पाई है। लिहाजा इन ब्लाकों के बीडीओ और पटल सहायकों के वेतन पर रोक लगा दी गई है। लोहिया आवास योजना में अतिरिक्त चयन के 853 लाभार्थियों के खाते नहीं दिए गए हैं, जिससे लाभार्थियों को पहली किस्त की धनराशि जारी नहीं हो सकी हैै। पीडी के मुताबिक ब्लाक बिजुआ, लखीमपुर, रमियाबेंहड़, ईसानगर, फूलबेहड़, पलिया और निघासन के बीडीओ की लापरवाही सामने आई है, जिन्हें नोटिस के माध्यम से चेतावनी दी गई है।