मृतक अभिषेक का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जैतीपुर। बगैर हेलमेट लगाए बाइक से जा रहे दो नाबालिग दोस्त हादसे का शिकार हो गए। एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरे का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। बुधवार को ही उसकी तहेरी बहन की बरात आई थी। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जैतीपुर क्षेत्र के नौगवां गोविंदपुर गांव के रहने वाले जबर सिंह के बड़े भाई जंडैल सिंह की बेटी की बरात बुधवार को बदायूं के दातागंज क्षेत्र से आई थी। जेनरेटर के कनेक्शन में बिजली का तार कुछ कम पड़ गया था। जबर सिंह का बेटा अभिषेक (15 वर्ष) अपने हमउम्र दोस्त विपिन के साथ तार लेने के लिए जैतीपुर गया था।
इस बीच तेज आंधी आ गई। बहगुल नदी से पहले धर्मकांटा के पास अज्ञात वाहन की बाइक में टक्कर लगने से बाइक चला रहा विपिन और पीछे बैठा अभिषेक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रास्ते में अभिषेक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने अभिषेक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गमगीन माहौल में शादी की रस्में पूरी कर विदा कर दी गई। परिजनों ने बताया कि अभिषेक कक्षा नौ की पढ़ाई कर रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।