जीत के बाद ट्राफी के साथ चखरा की सिंह इलेवन के खिलाड़ी। संवाद
निघासन। चखरा के सुंदर क्रिकेट मैदान में खेले जा रहे जय हनुमान क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में चखरा की सिंह इलेवन टीम ने पलिया इलेवन को 66 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
यहां पलिया इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सिंह इलेवन की शुरुआत थोड़ी कमजोर रही। सलामी बल्लेबाज सचिन चौधरी बिना खाता खोले ही आउट हो गए। हालांकि, आलोक थापा और रविंद्र ने पारी को थोड़ा संभालने का प्रयास किया, लेकिन जल्द ही आलोक भी आउट होकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद सत्येंद्र सिंह उर्फ सत्तू और साबू ने बल्लेबाजी संभाली और दोनों ने बेहतरीन साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सत्येंद्र ने 45 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी तीन विकेट झटककर ऑलराउंड प्रदर्शन किया। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। साबू ने भी 40 रनों की उपयोगी पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलिया इलेवन टीम की शुरुआत भी खास नहीं रही। सिंह इलेवन के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा। इससे पलिया की टीम 11 ओवरों में मात्र 90 रन पर सिमट गई। सिंह इलेवन ने यह मुकाबला 66 रन से जीत लिया।
मैच के बाद आयोजन समिति और ग्राम प्रधान की ओर से विजेता टीम के कप्तान अमरजीत सिंह को 11,000 का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की गई।