लखीमपुर खीरी। रंगों के त्योहार होली पर इस बार बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। व्यापार मंडल के अनुसार जिलेभर में करीब 10 करोड़ रुपये की खरीदारी का अनुमान है। वहीं शहर की बात करें तो लगभग 5 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
त्योहार से एक सप्ताह पहले से ही बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी थी, जो होली तक लगातार बनी रही। लोगों ने कपड़े, मिठाई, अबीर-गुलाल, पिचकारी, ड्राई फ्रूट और डेयरी उत्पादों की जमकर खरीदारी की।
कपड़ा व्यवसायियों के अनुसार होली पर सबसे ज्यादा खरीदारी रेडीमेड गारमेंट्स की हुई। शहर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के रेडीमेड कपड़े बिके। इसके अलावा लगभग 50 लाख रुपये का कपड़ा (अनस्टिच्ड) भी खरीदा गया। फुटवियर की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ रही और करीब 20 लाख रुपये के जूते-चप्पल बिके।
-
मिठाई, डेयरी और ड्राई फ्रूट की भी खूब मांग
-होली पर मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। अनुमान के अनुसार शहर में 50 लाख रुपये से अधिक की मिठाइयां बिकीं।
इसके अलावा करीब 20 लाख रुपये के डेयरी उत्पाद और 20 लाख रुपये से अधिक के ड्राई फ्रूट की बिक्री हुई। रंगों के त्योहार पर अबीर-गुलाल की भी जमकर खरीदारी हुई। शहर में करीब 30 लाख रुपये का अबीर-गुलाल बिका। वहीं बच्चों और युवाओं में पिचकारी की अच्छी मांग रही और करीब 10 लाख रुपये तक की पिचकारियां बिकीं।