- जुलूस में शामिल झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
- दुल्हन की तरह सजा शहर, रोशनी से हुआ चकाचौंध
- इस्लामिक नारों से दिन भर गूंजता रहा शहर
हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर जिले भर में शानो शौकत से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। काबा और मीनारों की झांकियों के साथ निकले इस जुलूस में सैकड़ों वाहनों के अलावा ऊंटों पर अरबी लिबास में सवार लोग शामिल थे। हरे रंग के झंडे हाथों में लिए अल्लाह हो अकबर आदि इस्लामिक नारे बुलंद कर रहे थे। जुलूस के स्वागत के लिए पूरे शहर को बिजली की रंग बिरंगी झालरों और चमकीली पन्नियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जुलूस के स्वागत को जगह-जगह तोरणद्वार बनाए गए थे।
लखीमपुर शहर में अंजुमन गुलामाने सरकार-ए-दो आलम के नेतृत्व में जुलूस-ए-मोहम्मदी गोटैयाबाग से शुरू हुआ। जुलूस शहर में पूर्व निर्धारित रास्तों से होता हुआ थरवरनगंज पहुंचा। जहां दुरूद ओ सलाम की महफिल के बाद जुलूसे मोहम्मदी का समापन हुआ। जुलूस के स्वागत में जगह-जगह सबीलें लगाई गई थीं। अकीदतमंदों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए चाय पिलाई। कई जगह लंगर आयोजित हुए। मदरसा रजविया अहसानुल मदारिस हिदायतनगर में मौलाना मोहम्मद अशफाक कादरी और इशरत अली खां ने इस्लामी परचम दिखाकर जुलूसे मोहम्मदी को रवाना किया। जुलूस में मौलाना रफीक खां, मोहम्मद जावेद, इश्तियाक अली, शगुफ्ता नाज, मीनाज खान, रहीमुल्ला, अबयार रजा, मोहम्मद आजम और सुल्तान आदि शामिल रहे।
खीरी टाउन। हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के मौके पर खीरी कस्बे में मरकजी कमेटी अंजुमन रूहे कायनात के सदर शब्बन खां ने परचम कुशाई के बाद जुलूसे मोहम्मदी को रवाना किया। जुलूस अपने निर्धारित रास्तों से होता हुआ पूरे कस्बे में घूम कर देर रात शाही किले पर जाकर संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों को चाय की सबील लगा कर चाय पिलाई। सारा दिन ‘सरकार की आमद मरहबा’ की सदाओं से गूंजता रहा। जुलूस में अरेबियन लिबास, घोड़े, दर्जनों गाड़ियां लेकर हजारों लोग शामिल हुए। जगह-जगह स्वागत गेट बना कर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
जुलूस में अंजुमन अताए रसूल खुद्दामे मखदूम ने मखदूम साहब की मजार को फूलों से सजाया। जुलूस में नूरे मदीना ने देश भक्ति का प्रदर्शन करते हुए तिरंगे रंग से बने स्टेज पर मिलाद की महफिल सजाई।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मरीजों को फल बांटे
लखीमपुर खीरी। हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश पर मौलाना इशहाक कादरी ने जिला अस्पताल जाकर मरीजों को फल वितरित किए। इस मौके पर मौलाना वशीउल्ला खां रजवी, अजीम अख्तर, हसनान नूर, हसनैन नूर, माज सिद्दीकी, शानू आदि शामिल रहे।
उधर पंचपीर फाउंडेशन ने जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए। इस मौके पर शकील सागर, इशरत अली, मोहम्मद इलियास, कैलाश चंद्र, एएच जैदी, युवा प्रकोष्ठ के संरक्षक राहुल वर्मा, अकीदत अली, इलियास, तारा, इम्तियाज खां, शेखू, नदीम, मराज अली, मानिस, नेमत अली नुदरत अली, दीपू, चांद मियां, नायाब अली, फहीम, सलमान आदि मौजूद रहे।