देवी मूर्तियां और पूजन सामग्री खरीदने को उमड़ी भीड़
सजे देवी मंदिर, स्थापना के लिए मूर्तियों का शृंगार पूरा
शारदीय नवरात्र की पूर्व संध्या पर ही शहर का पूरा वातावरण देवी भक्ति से सराबोर हो उठा। पितृ विसर्जन होते ही देवी मूर्तियां और पूजा सामग्री खरीदने को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देवी मंदिरों की साज सज्जा का काम शुक्रवार को भी जारी रहा। मंदिरों को बिजली की रंग विरंगी झालरों और फूलों की लड़ियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
संकटादेवी मंदिर परिसर में जागरण के लिए बनाए गए विशेष पंडाल में स्थापना के लिए देवी प्रतिमा का साज शृंगार पूरा हो चुका है। यहां मूर्ति और कलश स्थापना रात 12 बजे के बाद की जाएगी। मंदिर में महिलाओं और पुरुषों के लिए दर्शन की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मंदिर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
नवरात्र के लिए बाजार शुक्रवार को पूरी तरह गुलजार रहा। लोगों ने घरों में स्थापित करने के लिए छोटी देवी प्रतिमाएं और मां दुर्गा की नई तस्वीरें खरीदी। बाजार में मिट्टी और प्लास्टर आफ पेरिस से लेकर पीतल और चांदी तक की मूर्तियां उपलब्ध रहीं। मूर्तियों को पहनने के लिए आकर्षक और रंग बिरंगे परिधान और शृंगार सामग्री भी लोगों ने खरीदी। हवन सामग्री, कपूर, जायफल, लौंग सुपाड़ी और पान, फूल और फल आदि की जमकर बिक्री हुई।
नवरात्र में उपवास के दौरान फलाहार के लिए भी लोगों ने फल मिठाई, मावा के अलावा कुटू का आटा और व्रत में खाई जाने वाली सब्जियां जैसे आलू और लौकी आदि की बेहद मांग रही। इसके चलते फल और सब्जियों के मूल्य बढ़ना शुरू हो गए हैं। नवरात्र के एक दिन पहले ही शहर का वतावरण देवी भक्ति से सराबोर दिखने लगा है।