वकीलों ने मनाया हर्ष दिवस
न्यायिक कार्यो से विरत रहे वकील
ठीक एक पखवारा पहले उरी में जवानों की शहादत से गमजदा आम जनमानस शुक्रवार को खुशी और उत्साह से लबरेज दिखा। वकीलों ने सेना की कार्यवाही से उत्साहित होकर जय हिंद और वंदेमातरम के नारे लगाये, तो पाक को सबक सिखाने के लिए भारतीय सेना की मुक्तकंठ से प्रशंसा की, साथ ही जरूरत पड़ने पर रक्तदान करने का भी संकल्प लिया। वकीलों ने शुक्रवार को हर्ष दिवस के रूप में मनाते हुए न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया।
जिला अधिवक्ता संघ सभागार में वकीलों ने आपात बैठक बुलाते हुए सर्जिकल आपरेशन के लिए सेना की कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए इसे एतिहासिक सफलता बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीकांत अवस्थी ने देश के जवानों के लिए हरेक वर्ग से समर्थन मिलने की बात कही, कार्यक्रम आयोजक और जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री अशोक शुक्ला ने कहा कि सेना की कार्यवाही से आम जनमानस में खुशी और उत्साह का माहौल है, वहीं दहशतगर्दी फैलाने वालों के लिए यह सबक भी है। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष राजकुमार त्रिवेदी ने मंजिल से पहले रूकना ही पथिक तुम्हारा काम नहीं है पंक्तियों से सेना का उत्साहवर्धन किया तो संयुक्त मंत्री मुनेंद्र त्रिपाठी ने कुछ यूं समां बाधा कि आज सियासत बदल गई है डरते डरते जीने की, उग्रवाद ने नाप देख ली 56 इंची सीने की। तो वकील श्याम किशोर वर्मा ने सुनाया गिन-गिनके मारेंगे दुश्मन को वतन के लिए, जिनकी लाशें भी तरसेंगी कफन के लिए। इस दौरान वकीलों ने हर्ष दिवस मनाते हुए न्यायिक कार्योें से विरत रहने का संकल्प लिया, कार्यक्रम में प्रमोद कुमार सिंह, सरोज दीक्षित, रमेश वर्मा, मोतीलाल, उत्तम राज, शैलेंद्र सिंह गौड़, अजय श्रीवास्तव, सौरभ दीक्षित सहित सैकड़ों वकील मौजूद रहे। उरी हमले में 19 जवानों की शहादत के बाद भारतीय सेना द्वारा पीओके में घुसकर 50 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराने से लोगों में काफी खुशी है। लखीमपुर तहसील बार एसोसिएशन ने शौर्य दिवस मनाया और सेना को बधाई दी। आजाद स्वाभिमान संघ ने अध्यक्ष सुरेंद्र कु मार की अध्यक्षता में एक बैठक की और आतंकवाद और कलक्ट्रेट परिसर में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लिया।
पलियाकलां। पलिया बार एसोसिएशन के तमाम वकीलों ने तहसील से विजयी जुलूस निकाला और खुशी का इजहार किया। जुलूस चौकी चैराहा पर पहुंचा यहां पर वकीलों पटाखा दगाकर एक दूसरे को मिठाई खिलाई। इस दौरान रामप्रकाश पाल, दिनेश दीक्षित, राजेंद्र राठौर, आदि वकील थे।
गोला गोकर्णनाथ। भारतीय सैनिकों द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर हमला कर उन्हें मार गिराने की खुशी में नगर के सदर चौराहे पर विभिन्न संगठनों के लोगों ने आतिशबाजी छुड़ाकर सैनिकों को बधाई दी है। जंगबहादुरगंज। ग्राम भोगीपुर मनी में जय मां दुर्गा पूजा एवं देवस्थान जीर्णोधार समिति द्वारा भारतीय सेना द्वारा पाक के अंदर घुसकर की गई कार्रवाई पर ग्रामीणों ने जश्न मनाया। पाक प्रधानमंत्री और आतंकी हाफिज सईद की प्रतिकात्मक अर्थी निकालकर पुतला फूंका। गांव के मुख्य चौराहे पर ग्रामीणों ने एकत्र होकर भारतीय सेना के समर्थन में जमकर नारेबाजी की एवं ढोल पीटकर खुशी का इजहार किया। आतिशबाजी कर सर्जिकल स्ट्राइक का जश्न मनाया। इस दौरान बरवर कस्बे में भी लोगों ने भारतीय सैनिकों की प्रशंसा की और मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।
ममरी। भाजपाइयों ने जश्न मनाकर आतिशबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सैनिकों के शौर्य की सहराहना की है। इस मौके पर भाजपा के इंद्रजीत यादव, रामस्वरूप वर्मा, भेखराम वर्मा, सुधीर गुप्ता, आदि थे।
संसारपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। भाजपा नेता श्याम लाल चौधरी के नेतृत्व में लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और भारत माता की जय, भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए।
बेलरायां। पीओके में घुसकर 50 आतंकवादियों को ढेर करने पर लोगों ने पटाखे छोड़कर खुशी का इजहार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना की प्रशंसा की है। इस दौरान नावेद हुसैन, राजेश यादव, नितिन गुप्ता, संतोष तोमर, मंगरू, कन्हैया आदि मौजूद रहे।