खतरे के निशान के करीब पहुंचा नदी का जलस्तर, बनबसा बैराज से भी छोड़ा गया पानी
पलियाकलां। बुधवार को तड़के सुबह तीन बजे से शुरू हुई बारिश करीब दस बजे तक होती रही। इसके बाद दिनभर काले बादल छाए रहे। नेपाल में भारी बारिश और बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से शारदा नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ गया है। नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
पलिया इलाके में बारिश से जहां निचले मोहल्लों में जलभराव हो गया है, वहीं शारदा नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। बनबसा बैराज से करीब 70 हजार पानी रिलीज किए जाने से नदी का जलस्तर खतरे के निशान 154.100 सेंटीमीटर के करीब पहुंचकर 154.040 पर पहुंच गया है, जिससे नदी से सटे आसपास के ग्रामीणों में दहशत है। जल आयोग के मुताबिक, बुधवार को सुबह आठ बजे तक 12.06 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है। उधर, नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी किनारे पुल के नीचे बने बाथरूम तक नदी का पानी पहुंच गया है।
धनगढ़ी (नेपाल)। कैलाली जिला के सूचनाधिकारी शिवराज जोशी ने बताया कि मंगलवार की रात शुरू हुई बारिश से कैलाली जिले में स्थित मोहाना, कर्णाली, कांद्रा, खटिया, गुलरा, कटेनी और पथरेया नदी में जलस्तर बढ़ गया है। भजनी नगर पालिका के वार्ड तीन, चार, पांच, सात व आठ गांव में पानी भर गया है। गांव में दो-दो फिट पानी भर जाने से नेपाल पुलिस, एपीएफ व सेना गांव में पहुंचकर लोगों की सहायता कर रही है। मोहाना नदी में बाढ़ आ जाने से धनगढ़ी शहर में पानी घुस गया। वार्ड दो, तीन और पांच में पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।