गांव में फैली दहशत, कई घर नालों में समाने की कगार पर
कस्बे के मजरा नयापुरवा के लोगों के सामने अब एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। अब तक शारदा नदी का कटान झेल रहे गांव वालो के घरों को अब नदी द्वारा बनाए गए नालों ने भी अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया है। इसकी चपेेट में करीब आधा दर्जन घर हैं। इससे ग्रामीण दहशत में हैं और प्रशासन से इसकी रोकथाम की मांग की है।
कस्बे के मजरा नयापुरवा को शारदा नदी ने करीब एक माह से अपने निशाने पर ले रखा है। बाढ़ के दौरान शारदा का पानी गांव के भीतर घुस गया था और पानी ने यहां नाले बना दिए थे जो स्थाई हो चुके हैं और उन्होंने गांव को कई हिस्सों में बांट दिया है। शारदा नदी का कटान जारी ही था और अब गांव में बने नालों ने भी कटान शुरू कर दिया है। गांव में बने नाले शत्रोहनलाल, रामभरोसे, रमेश, रामस्वरूप, पूरनलाल आदि के घरों को निशाने पर लिए हुए हैं और ये घर कभी भी इन नालों में समा सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक करीब एक दर्जन घरों के साथ सैकड़ों एकड़ जमीन नदी में समा चुकी हैं। ग्रामीणों ने कहा कि हर वर्ष आने वाली बाढ़ से वह लोग पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। प्रशासन से मिलने वाली सहायता ऊंट के मुंह में जीरे के समान होती है। बाढ़ पीड़ितों ने डीएम और जनप्रतिनिधियों से शारदा के तांडव से बचाव की मांग की है।