कटान तेज देख कई ग्रामीण खुद तोड़ रहे हैं अपना आशियाना
मझगईं के बझेड़ा ढकिया में तीन धार में बह रही नदी
शारदा नदी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भीरा क्षेत्र के जंगल नंबर सात के देशराज टांडा गांव में हालात काफी खराब हैं। नदी तेजी से कटान कर रही है। दो दिन में नदी ने देशराज टंडा की लगभग 70 एकड़ भूमि को अपने आगोश में ले लिया है। कटान का तेज रूप देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही अपने घर हटाने शुरू कर दिए हैं। उधर मझगईं क्षेत्र में भी बाढ़ का कहर जारी है। बझेड़ा ढकिया गांव में शारदा तीन धारों में बंटकर बह रही है।
भीरा क्षेत्र के ग्रामसभा सूरजपुर जंगल नंबर सात के देशराज टांडा में शारदा नदी काफी तेजी से कटान कर रही है। गांव के छोटे, सुरेश, टीकाराम, रामगोपाल, कृपाल, दिनेश, हुकुम, रामकिशोर, ईश्वर सिंह, तरसेम, रामप्रसाद, गंगाराम, सकटू, नारायन सिंह आदि की धान व गन्ने की फसल शारदा नदी ने काट दी है। इन सभी की लगभग 70 एकड़ फसल को नदी ने दो दिन में काटकर अपने आगोश में ले लिया है, जबकि अब नदी फिर से गांव की ओर तेजी से बढ़ रही है। नदी का विकराल रूप देखते हुए कई ग्रामीण अपने आशियाने खुद ही उजाड़कर सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करने लगे हैं। बता दें कि अभी दो दिन पहले ही एसडीएम ने गांव का दौरा करके सुरक्षित स्थान पर बसने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से ग्रामीणों का पलायन शुरू है। इसके अतिरिक्त मझगईं क्षेत्र के लोहिया गांव चौरी में शारदा नदी तेजी से कटान कर रही है। दुबहा, कुंवरपुर कलां, गौनहा, नयापुरवा आदि गांव में नदी कटान कर रही है, जबकि गौनहा के हरभजन सिंह, मनोहर, हरवंश आदि के घरों को भी नदी ने काट दिया है। इसके अलावा बझेड़ा ढकिया में नदी तीन धारों में बंटकर बह रही है, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है।