समीपवर्ती गांवों के ग्रामीण भयभीत, नयापुरवा और खालेपुरवा में कटान
शारदा नदी का जलस्तर घटने के बाद फिर बढ़ने लगा है। अब नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 77 सेमी ऊपर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों के लोग परेशान हो गए हैं। वहीं कई रास्तों पर पानी भर जाने के कारण आवागमन बाधित हो रहा है, जबकि मझगईं क्षेत्र के नयापुरवा में नदी ने कटान तेज कर दिया है। जिससे ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं।
क्षेत्र में भले ही बारिश कम हो लेकिन पहाड़ों पर लगातार हो रही है। इससे शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण शारदा नदी खतरे के निशान 153.620 सेमी से 77 सेमी ऊपर 154.390 सेमी पर पहुंच गई है। जिससे आसपास के गांव कचनारा, बोझवा, मटैहिया, आजादनगद, बर्बादनगर, मेलाघाट आदि गांवों के किनारों पर पानी भर गया है। इसके साथ ही इमलिया जाने वाला रास्ता भी कई दिनों से बंद है। इस मार्ग पर डेढ़ से दो फुट तक पानी चल रहा है। साथ ही अतरिया रेलवे क्रासिंग के पास तक पानी भर गया है। हालांकि सड़क ऊंची होने के कारण पानी किनारों तक ही रह गया है। उधर मझगईं क्षेत्र के ग्राम नयापुरवा, खालेपुरवा में शारदा नदी ने कटान तेज कर दिया है। इससे ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं हैं।