मैलानी। लगातार हो रही बारिश ने ट्रेनों की रफ्तार भी कम कर दी है। जगह-जगह जलभराव और अन्य समस्याओं के चलते लखनऊ रूट की अधिकांश ट्रेनें देरी से चल रहीं हैं। सुबह के समय लखनऊ से लखीमपुर आने वाली शाहगढ़ पैसेंजर और गोरखपुर- मैलानी एक्सप्रेस कई घंटे देरी से पहुंची।
गोरखपुर से चलकर मैलानी आने वाली 15009 गोमती एक्सप्रेस सोमवार को निर्धारित समय 11.30 के बजाय तीन बजे मैलानी पहुंची। यह ट्रेन साढ़े तीन घंटे देरी से पहुंची। यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। लखनऊ से लखीमपुर और अन्य स्थानों को आने वाले दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। लखनऊ-शाहगढ़ पैसेंजर 05086 भी तीन बजे के बाद मैलानी पहुंची। यह ट्रेन भी करीब तीन घंटे लेट पहुंची। ट्रेनें लेट हो जाने से यहां पहुंचकर बस से भीरा, पलिया, संपूर्णानगर, खुटार आदि जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।