सादाब मेडिकल इलेवन टीम को सम्मानित करते सतगुरु टाइटंस के मालिक परविंदर सिंह। संवाद
बिजुआ। श्रीलक्ष्मी नारायण नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट मलूकापुर सीजन-2 में शनिवार को भानपुर वारियर्स और शादाब मेडिकल इलेवन के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें शादाब मेडिकल इलेवन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की।
शादाब मेडिकल इलेवन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भानपुर वारियर्स की टीम ने 12 ओवर में चार विकेट खोकर 50 रन बनाए। जवाब में शादाब मेडिकल इलेवन की टीम ने छह ओवर में दो विकेट खोकर 52 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
शादाब मेडिकल इलेवन के खिलाड़ी बलजीत ने 16 गेंदों में 23 रन की नाबाद पारी खेली। गेंदबाजी में भी उन्होंने तीन ओवर में 13 रन देकर चार विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। सतगुरु टाइटंस के मालिक पलविंदर सिंह ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर आशीष अवस्थी, अमनप्रीत सिंह, सूरज सिंह, अखिलेश चौरसिया, पंकज वाजपेई, धीरेंद्र सिंह, सतीश गौतम और कमलेश जयसूर्या सहित तमाम लोग मौजूद रहे।