लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ का गड्ढा मुक्त सड़कों का फरमान कितना कारगर साबित हुआ है इसका अंदाजा प्रमुख मार्गों की स्थिति से लगाया जा सकता है। सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क यह कहना मुश्किल है। बीते दिनों बेलरायां-तिकुनिया मार्ग पर बाइक सवार अवधेश कुमार की तो गड्ढे में बाइक का पहिया फंस जाने से मौत भी हो गई थी। उधर गोला क्षेत्र में तो पैदल निकलना भी मुश्किल है। स्टेशन रोड हो, सिनेमा रोड या मिल डायवर्जन रोड, यहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुनर्भूग्रंट, भुड़वारा, लाल्हापुर संपर्क मार्ग और अलीगंज रोड वर्षों से जर्जर हैं। हैरत की बात तो यह है कि इस संबध में न तो संबंधित विभाग के अफसर ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि गंभीर नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि आम जनता जर्जर सड़कों को लेकर परेशान है।
स्टेशन रोड का बुरा हाल
गोला की महत्वपूर्ण सड़कों में से एक स्टेशन रोड है। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, लेबर ऑफिस, पशु चिकित्सालय, राजकीय बीज केंद्र इसी मार्ग पर हैं। गहरे गड्ढे होने से स्टेशन रोड पर आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन इस मार्ग की सुधि न तो रेलवे विभाग ले रहा है और न ही नगर पालिका। इस रोड का निर्माण अधिकार क्षेत्र में नहीं है यह कहकर नगर पालिका हाथ खड़े कर लेती है तो रेलवे भी खामोश है।
पुनर्भूग्रंट को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग से निकलना दूभर
अलीगंज रोड से आठ हजार आबादी वाली ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग वर्षों से जर्जर है। यह संपर्क मार्ग काफी संकरा है। मुख्य अलीगंज रोड से संपर्क मार्ग का तल काफी नीचा होने से यहां बरसात में तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। एकमात्र संपर्क मार्ग होने के कारण इसी मार्ग पर घुटनों तक भरे पानी से निकलना लोगों की मजबूरी बन जाता है। ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण और उच्चीकरण की मांग की है।
करनपुर खजुहा लिंक मार्ग पर बने गहरे गड्ढे
बिझौली। कस्बा करनपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 145 सी की सड़क टूट कर गहरे गड्ढों मे तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कत होती हैं। लक्ष्मीनगर निवासी प्रमोद वर्मा, खजुहा निवासी राहुल, करनपुर निवासी बालगोविंद प्रजापति ने बताया की क्रॉसिंग पर बड़े, गहरे गड्ढे होने से ट्रैक्टर ट्रॉली, बैलगाड़ी फंस जाती हैं तो बारिश का पानी जमा होने से कई राहगीर गिरकर जख्मी हो चुके हैं। ग्राम सियाथू, लक्ष्मीननगर, बैकुंठा, करमुलहापुर, फत्तेपुर, भेड़ीचाट, नौवाखेड़ा के लोगों ने इस मार्ग को शीघ्र बनवाने की मांग की है। संवाद
चौराहे पर बिन बरसात भरता है पानी
अलीगंज। वर्षा के दौरान मुख्य चौराहे पर जलभराव हो जाता है, निकास न होने से सड़क भी जर्जर हो चुकी है। जिससे लखीमपुर जाने वाले लोगों को दिक्कत होती है।
जर्जर मार्ग लोगों के लिए बने मुसीबत
अमीरनगर। मोहम्मदी लखीमपुर हाईवे पर मोहम्मदपुर में घरों का पानी भरने से कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। यहां पर दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। अमीरनगर से देवरिया होते हुए गोला जाने वाला मार्ग दो वर्ष पूर्व बनाया गया था। यह मार्ग फिर जर्जर हो गया है। बारिश के दौरान कई जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कत होती है।
बीरपुर चौराहे से राजगढ़ तक सड़क की स्थिति है काफी दयनीय
मोहम्मदी। बीरपुर चौराहा से लेकर राजगढ़ तक की सड़क खस्ताहाल है। स्थानीय निवासी मुंशी जयप्रकाश नारायण ने बताया कि करीब 11 साल पहले सड़क बनी थी यह फिर खस्ताहाल हो गई है। राजपाल यादव ने बताया कि कई बार वीरपुर के लोगों ने विधायक को भी इस रोड के बारे में बताया पर आश्वासन अलावा कुछ नहीं मिला। बरसात में यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है जिससे हादसे का खतरा रहता है।
वनघुसरी जाने वाले डामर मार्ग का हाल बेहाल
मझगईं। निघासन से वनघुसरी गांव जाने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा डामर मार्ग खस्ताहाल है। जलभराव होने से अक्सर लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। रंजीत, उत्तम कुमार, राममिलन, बलराम, पतिराम आदि ने बताया कि कुछ समय पहले ही सड़क की मरम्मत हुई थी लेकिन चंद दिनों के बाद ही यहां फिर गड्ढे हो गए।