लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी के बीच मोहल्ला सिकटिहा में सात घंटे बिजली नहीं आई, इस वजह से उपभोक्ता पानी के लिए भी तरस गए। बंच लाइन डालने की वजह से कटौती की गई, लेकिन उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं थी। बिजली न मिलने से पूरे दिन गर्मी की मार झेलते रहे।
कलक्ट्रेट उपकेंद्र के मोहल्ला सिकटिया में सोमवार सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक आपूर्ति बाधित रही। जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को गर्मी की मार झेलनी पड़ी। सात घंटे लगातार बिजली न मिलने की वजह से उपभोक्ताओं के घरों में पानी खत्म हो गया। नहाना-कपड़े धोना तो दूर पानी के लिए भी पानी के लाले पड़ गए। भीषण गर्मी में लोगों को बिना पंखा और कूलर के दिन काटना पड़ा।
अपराह्नन तीन बजे के बाद सप्लाई मिलने से उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली, लेकिन चार बजे के आसपास फिर से कटौती कर दी गई। जेई विकास ने बताया कि सिकटिया के एक गली का शटडाउन था। काम पूरा होने के बाद सप्लाई चालू कर दी गई थी।
पूरे दिन चलता रहा कटौती का खेल
शहर के सभी फीडरों में कटौती का खेल जारी है। मोहल्ला बहादुरनगर, प्यारेपुर, महाराजनगर, काशीराम कालोनी, काशीनगर, नौरंगाबाद, शाहपुरा कोठी, इमली चौराहा, शास्त्री नगर, सुआगाड़ा, हिदाययत नगर, निर्मलनगर आदि मोहल्लों में रविवार की पूरी रात और सोमवार को दिनभर कटौती होती रही, जिसकी वजह से उपभोक्ता काफी परेशान रहे।
छाउछ मोहल्ले का बुरा हाल
छाउछ उपकेंद्र के फीडर नंबर तीन का सबसे बुरा हाल है। मोहल्ला छाउछ सहित कई मोहल्लों में अंधाधुंध कटौती का खेल चलता रहा। रविवार को दिन में मात्र तीन से चार घंटे से सप्लाई मिली। रात के समय कटौती होने से उपभोक्ताओं की नींद पूरी नहीं हो सकी। यही हाल सोमवार को भी देखने को मिला। सोमवार को पूरे दिन बिजली आती-जाती रही। एसडीओ एके चौरसिया ने बताया कि लोड अधिक होने से दिक्कत आ रही है।
-
सिकटिया में फॉल्ट होने की वजह से नई लाइन बिछाई गई थी। समय से काम निपट गया था, तभी ट्रॉली फंसने से दिक्कत हो गई। काम पूरा होते ही सप्लाई चालू करा दी गई है।
-शफरुद्दीन, एसडीओ नई बस्ती उपकेंद्र