लखीमपुर खीरी। कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी शातिर बदमाश और साथियों के नेपाल भागने की आशंका है। इसको देखते हुए जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। नेपाल बॉर्डर पर सीओ को तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है। हत्यारोपी की फोटो भी जिले के सभी थानों और चौकियों पर भेजी गई हैं। ताकि उसकी पहचान करने में पुलिस से कोई चूक न हो।
कानपुर के थाना चौबेपुर क्षेत्र के बिकरू गांव में पुलिस बृहस्पतिवार की रात 12 बजे गांव निवासी शातिर अपराधी विकास दुबे को पकड़ने गई थी। विकास ने अपने साथियों के साथ घर के अंदर और छतों से पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से सीओ सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए, कई पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए थे। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की टीम भी लगाई गई है। पुलिस को आशंका है कि हत्यारे नेपाल भाग सकते हैं। इसको लेकर खीरी पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने सभी थानों और चौकियों को मुख्य हत्यारोपी विकास दुबे और उसके कुछ साथियों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराए हैं ताकि पुलिस को शिनाख्त करने में कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा जिले की सीमाओं को सील कर दिया है। आने-जाने वाले लोगों की सघन तलाशी ली जा रही है। नेपाल बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वर्जन....
जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। हत्यारों के फोटोग्राफ थानों और चौकी पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं। नेपाल बॉर्डर पर एक सीओ को लगाकर निगरानी कराई जा रही है।
-पूनम, एसपी