नगर पालिका की चार माह बाद हुई बोर्ड की बैठक में शहर के 111 सफाईकर्मियों को शासनादेश के मुताबिक 14 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। नलकूप चालकों को बढ़ा वेतन देने के मुद्दे पर भी जोर-शोर से चर्चा की गई, लेकिन बाद में वेतन बढ़ोतरी संबंधी फैसले को अगले वित्त वर्ष तक टाल दिया गया। कहा गया कि नलकूप चालकों का वेतन बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव को कार्रवाई में शामिल कर लिया गया है और अप्रैल महीने तक इस पर निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि मौजूदा समय में नलकूप चालकों को प्रतिदिन 120 रुपये दिया जा रहा है, जबकि शासनादेश के मुताबिक उन्हें प्रतिदिन 250 रुपये मिलना चाहिए। बैठक के दौरान कई सदस्यों के विरोध और टेंडर देने में धांधली के आरोपों के बाद सड़क निर्माण के लिए किए गए तीन टेंडर संख्या पांच, 34 और 52 को निरस्त कर दिया गया।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड की बैठक में 18 सितंबर 2014 की बैठक का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई और राज्य वित्त आयोग द्वारा मिले धन का अनुमोदन किया गया। करीब दो घंटे चली बैठक के शुरूआती दौर में ही कुछ सदस्यों ने कई बिंदुओं पर नगर पालिका प्रशासन को घेरते हुए कार्यवाही रोकने की कोशिश की। जिस पर अधिशाषी अधिकारी मृत्युजंय यादव ने सदस्यों को हर बिंदु पर चर्चा करने का आश्वासन देकर शांत कराया। दशहरा मेला का नक्शा बदलकर नए सिरे से दुकानों को व्यवस्थित करने पर सदस्यों के बीच सहमति बनी।
दो साल बाद हुआ कमेटियाें का गठन
बोर्ड की बैठक में सदस्यों को सबसे बड़ी सफलता उस समय मिली जब सदस्यों की एकजुटता के बाद नगर पालिका की पांच कमेटियों का गठन कर दिया गया। इनमें स्वास्थ्य-सफाई कमेटी, प्रकाश व्यवस्था कमेटी, जलकल कमेटी, उद्यान कमेटी और अर्थ कमेटी शामिल है। एक सदस्य का कहना था कि दो साल पहले जब बोर्ड का गठन हुआ तो कमेटियों के गठन को तवज्जों नहीं दी गई थी।
पूर्व विधायक की प्रतिमा लगाने का विरोध
डीएम की ओर से नगर पालिका को चिठ्ठी भेजकर पूर्व सपा विधायक स्व. डॉ. कौशल किशोर वर्मा की प्रतिमा लगाने को लगाने को कहा गया था। बोर्ड की बैठक में यह चिठ्ठी सभी सदस्यों के सामने रखी गई। जिस पर विरोध शुरू हो गया। सदस्यों ने कहा कि पहले पालिका के चार पूर्व अध्यक्षों आगा साहब, बच्चाबाबू, कैलाशनाथ मेहरोत्रा और अवधेश मिश्रा की प्रतिमा लगवाई जाए। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा फंड की व्यवस्था कराए जाने पर इस पर विचार किया जाए।
सदस्यों को एक हजार मिलेगा यात्रा भत्ता
नगर पालिका सदस्यों को 250 रुपये यात्रा भत्ता मिलता था, लेकिन शुक्रवार को हुई बैठक में अब उन्हें एक हजार रुपये यात्रा भत्ता दिए जाने को मंजूरी दी गई।