तिकुनिया। सिंगाही कस्बे में तालाब में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी रामपाल और युवक सलीम के बीच मारपीट हो गई। दोनों चोटिल हो गए। घटना की सूचना पर नगर पंचायत के सैकड़ों महिला और पुरुष सफाई कर्मचारी थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
सोमवार को रामपाल साथियों के साथ कस्बे से कूड़ा एकत्र कर कोइली बाग स्थित भेड़ौरा में खाली करने पहुंचे थे। वह कूड़ा उतार रहे थे, तभी बाग की रखवाली कर रहे वार्ड नंबर एक निवासी सलीम ने उन्हें रोक दिया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
थानाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने बताया कि सिंगाही छावनी के राजा का तालाब ठेके पर लेकर सलीम मछली पालन करता है। सफाई कर्मचारी वहां जबरन कूड़ा डाल रहे थे। मना करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। दोनों का मेडिकल कराया गया है। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।