लखीमपुर खीरी। सोमवार से जिले भर में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलेगा। इसको लेकर स्वास्थ्य महकमे की ओर से की गई तैयारियों की डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने रविवार को सीएमओ के साथ वर्चुअल समीक्षा की।
डीएम ने बीडीओ को ब्लॉक मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। अधिशाषी अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार फॉगिंग, एंटीलार्वा का छिड़काव, जलभराव वाले स्थानों पर गंबूजिया मछली डलवाने के साथ आगामी सात दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि एंटी लार्वा पर्याप्त है। जरूरत पड़ने पर जिला मलेरिया अधिकारी से प्राप्त कर छिड़काव कराएं।
अगले 45 दिन बेहद चुनौती भरे
सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की आवश्यकता की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले 45 दिन बेहद चुनौतीपूर्ण है। इसमें सतर्कता और सावधानी बरतने की बेहद आवश्यकता है। जहां पर पानी इकठ्ठा हो वहां पर मिट्टी का तेल एवं जला हुआ मोबिल डालें। उन्होंने बताया कि बीमारी त्योहार नहीं देखती। इसलिए त्योहार मनाएं, लेकिन सावधानी पूर्वक। सीएमओ ने सीएचसी एवं पीएचसी अधीक्षकों को मलेरिया, डेंगू एवं दिमागी बुखार के लक्षण और बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करें।
कोरोना : टीकाकरण महा अभियान आज
डीएम ने सोमवार को होने वाले टीकाकरण महाअभियान के बारे में जानकारी लेकर सीएचसी अधीक्षकों को अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सोमवार का लक्ष्य 93 हजार है। सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं।