संपूर्ण समाधान दिवस का समय सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित था। यहां डीएम करीब 12 बजे पहुंचे। इस कारण दो घंटे में मात्र चार शिकायतों का निस्तारण कर पाए। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश दिए। इधर, मितौली तहसील पहली बार डीएम के पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया।
तहसील बार एसोसिएशन एवं सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीएम को बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में लंबे समय से समस्याओं को को समक्ष रखा।
हैंडपंप लगवाने, मोबाइल नेटवर्क की समस्या का स्थाई समाधान कराने की मांग की। कहा कि तहसील परिसर में वाटर कूलर है, लेकिन सिर्फ दिखावा है। कोई पानी व्यवस्था नहीं है।
वादकारियों और अधिवक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस दौरान सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शुक्ला, सरोज अवस्थी, इंद्रपाल राठौर तथा तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव कुमार आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
समाधान दिवस में आईं 29 शिकायतें
पलियाकलां। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मौके पर केवल तीन शिकायतों का निस्तारण हो सका। सीओ जितेंद्र परिहार, नायब तहसीलदार सर्वेश कुमार यादव, अखिलेश श्रीवास्तव सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
तीन शिकायतों का निस्तारण
गोला गोकर्णनाथ। तहसील सभागार में शनिवार को हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 61 शिकायती पत्र आए, जिनमें केवल तीन का ही मौके पर निस्तारण कराया जा सका। अन्य के लिए अधिकारियों ने संबंधित विभाग को मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश दिए।
धौरहरा। तहसील धौरहरा में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक राजस्व विभाग के 24, पुलिस विभाग के 13, विकास विभाग के तीन और आपूर्ति विभाग के दो तथा अन्य विभागों के तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एसडीएम शशिकांत मणि ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। संवाद