प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत स्वीकृत बांकेगंज-गोला सड़क निर्माण का काम बजट के अभाव में लटका हुआ है। ग्रामीणों ने पिछले दो सालों में कई प्रयास किए, फिर भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पाया। इससे परेशान व्यापारियों और किसानों ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर काम शुरू कराने की मांग की है।
बता दें कि पीएमजीएसवाई योजना के तहत बांकेगंज-गोला सड़क निर्माण की वर्ष 2011-12 में मंजूरी मिल चुकी है। बावजूद इसके बजट के अभाव में निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। पीडब्ल्यूडी विभाग के पीएमजीएसवाई एक्सईएन पवन कुमार का कहना है कि इस रोड के लिए टेंडर प्रकिया पूरी हो चुकी है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उधर कस्बे के व्यापारियों, किसानों और ग्राम प्रधान कुलवंत सिंह कक्की, जाबिर अली, रितुरंजना गौतम, इरफान अली, हरिकिशन गोयल, अनिल टंडन, कौशल किशोर मिश्र आदि का कहना है कि मंजूरी के बाद भी सड़क नहीं बन पा रही है। इससे आमजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगाें ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर अधर में लटके बांकेगंज-गोला सड़क निर्माण कार्य को शुरू कराने की गुहार लगाई है।