घरेलू गैस कनेक्शन के बाद अब व्यक्तिगत लाभार्थीपरक योजनाएं भी आधार कार्ड से जुड़ेंगी।
वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, राशन कार्ड और मनरेगा जॉबकार्डधारकों को आधार कार्ड का नंबर संबंधित विभागों को देना होगा। बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग में प्रमुख सचिव नियोजन देवेश चतुर्वेदी ने समीक्षा के दौरान आधार कार्ड बनाने के लिए स्कूल, कॉलेजों में कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं।
एनआईसी में वीडीओ कांफ्रेसिंग के दौरान प्रमुख सचिव नियोजन ने जिले की समीक्षा करते हुए समस्त कर्मचारियों को डाटा बेस तैयार करने के साथ ही डाटा बेस की फीडिंग जनवरी तक पूरी कराने के निर्देश दिए हैैं। राशनकार्डों को आधार से लिंक कराने की योजना की बाबत निर्देश दिए गए। डीएसटीओ एसपी वर्मा ने बताया कि आधार कार्ड बनाने के लिए मंडल स्तर पर नई एजेंसी का चयन किए जाने की कार्रवाई चल रही है। इस दौरान पहले से काम कर रही एजेंसियों को स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। क्रांफ्रेसिंग के दौरान पूर्ति निरीक्षक श्रद्धा श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।