लखीमपुर खीरी। सीएमओ कार्यालय में अनुभव प्रमाण पत्र को लेकर हुए विवाद में हंगामा हो गया। इस मामले में एसीएमओ की ओर से सेवानिवृत्त स्टाफ नर्स और उनके पति के खिलाफ अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। स्टाफ नर्स ने भी अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है।
सीएमओ कार्यालय में तैनात डॉ. रवि मोहन गुप्ता के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे सेवानिवृत्त स्टाफ नर्स छंटा पांडेय अपने पति रमाकांत पांडेय के साथ अनुभव प्रमाणपत्र के संबंध में पूछताछ के लिए पहुंचीं। उन्हें बताया गया कि संबंधित कार्य अब उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर से किया जाएगा। आरोप है कि इस पर उनके पति ने उग्र होकर कार्यालय में शोर-शराबा किया और सरकारी कामकाज बाधित किया। बाद में सरकारी आवास खाली करते समय तोड़फोड़ कर करीब 40 हजार रुपये की क्षति पहुंचाने और धमकी भरा फोन करने का भी आरोप है।
उधर, सेवानिवृत्त स्टाफ नर्स का कहना है कि अनुभव प्रमाणपत्र के लिए पिछले चार माह से उन्हें चक्कर लगवाए जा रहे थे। जब उन्होंने देरी पर सवाल उठाया तो उनके साथ अभद्रता की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। उन्होंने डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग की है।