बिटिया वेलफेयर फाउंडेशन ने कराया निर्माण
जरूरतमंदों को मिल सकेंगी आवश्यकता की वस्तुएं
बिटिया वेलफेयर फाउंडेशन ने रोडवेज बस स्टैंड पर नेकी की दीवार बनवाई है, जिसका बुधवार की रात में उद्घाटन हुआ। नेकी की दीवार का उद्देश्य जरूरतमंदो को उनकी आवश्यकता की वस्तुएं उपलब्ध कराना है। फाउंडेशन के लोगों ने नगरवासियों से अपील की है कि उनके पास जो भी वस्तुएं आवश्यकता से अधिक हैं वह इस दीवार पर टांग दे, जिससे जरूरतमंदो की जरूरत पूरी हो सके।
असहाय और गरीब जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता की वस्तुएं मिल सके, इसके लिए बिटिया फाउंडेशन की ओर से नेकी की दीवार की पहल की गई है। इसके लिए रोडवेज बस अड्डे पर एक नेकी की दीवार बनाई गई है। इसका उद्घाटन बुधवार की रात डीएम आकाश दीप, पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव और समाजसेवी शिवकांत मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। फाउंडेशन की इस पहल को डीएम ने गरीबों के लिए वरदान बताया और गरीब- असहायों को ठंड से बचने के लिए स्वेटर और कंबल बांटे। पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि यह दीवार गरीबों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इस ठंड में गरीबों को ठिठुरना नहीं पड़ेगा। समाजसेवी शिवकांत मिश्रा ने कहा कि जिन लोगों के पास कपड़े, स्वेटर, जूता, चप्पल आदि आवश्यकता से अधिक हैं वह इस दीवार को दे सकते हैं, जिससे ये वस्तुएं किसी जरूरतमंद के काम आ सकें। इस दौरान एआरएम वीके गोस्वमी, वेद प्रकाश पांडे, कृष्णगोपाल शेखर, संजय मिश्रा, सीमा सिंह, विकास बाजपेई, सीमा त्रिवेदी, पूनम जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।