त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर आरक्षण प्रक्रिया के संबंध में शासनादेश जारी हुए नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरक्षण चार्ट नहीं मिला हैै। लिहाजा आधिकारिक रूप से आरक्षण प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। डीएम किंजल सिंह ने ब्लाक स्तर पर आपत्ति प्राप्तकर्ता अधिकारियों को नामित कर दिया है और इनके प्रशिक्षण के लिए 22 अगस्त की डेट लगाई है।
11 अगस्त 2015 को आरक्षण के संबंध में शासनादेश जारी किया गया था, जिसके बाद विभागीय अधिकारी आरक्षण चार्ट का इंतजार कर रहे हैं। विभागीय सूत्र बताते हैैं कि आरक्षण चार्ट मिलने पर ही प्रक्रिया प्रारंभ की जा सकेगी। मंगलवार को डीएम किंजल सिंह ने आरक्षण प्रक्रिया के संबंध में आदेश जारी कर अनंतिम सूची प्रकाशन के बाद आपत्तियां प्राप्त करने के लिए ब्लाकवार बीडीओ को अधिकारी नामित कर दिया है। समय सारिणी के मुताबिक ग्राम पंचायत के आरक्षित प्रधानों, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के आरक्षित वार्डों के आवंटन की प्रस्तावित सूची का प्रकाशन 31 अगस्त से दो सितंबर 2015 तक किया जाना हैै, जिसकी सूचियां ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत कार्यालय और डीपीआरओ कार्यालय पर चस्पा होनी हैं। इसके पश्चात लोग प्रस्तावों के विरुद्ध प्रकाशन की तिथि से सात दिन के अंदर यानी 31 अगस्त से छह सितंबर 2015 तक आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया जाएगा। यह आपत्तियां ब्लाक कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय या डीएम कार्यालय में जमा कर सकेंगे।
प्रभारी डीपीआरओ कुरेंद्र पाल ने बताया कि समय सारिणी के अनुसार आरक्षित
प्रधानों, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के आरक्षित
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन 10 से 11 सितंबर
2015 तक किया जाएगा। आरक्षण चार्ट मिलते ही प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
यह अधिकारी प्रशिक्षण में होंगे शामिल
कलक्ट्रेट सभागार में 22 अगस्त को दो बजे से आरक्षण प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें समस्त एसडीएम, बीडीओ और एडीओ पंचायत शामिल होंगे।