लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने पशु चिकित्सालय के निकट स्थित स्पोर्ट्स मैटेरियल की दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके भाई के साथ मारपीट और लूटपाट करने के मामले में पिता-पुत्र को नामजद कर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मोहल्ला रानीगंज निवासी दीपक कुरेले के पिता की स्पोर्ट्स मैटेरियल की दुकान पशु अस्पताल के सामने है। बृहस्पतिवार को वह छोटे भाई श्याम के साथ अपनी दुकान पर था। दोपहर करीब सवा तीन बजे नईम और नईम का पिता अपने चार अज्ञात साथियों के साथ दुकान पर आ धमका। आरोप है कि आरोपियों ने गालियां देते हुए मारपीट की थी। नईम ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया था। आरोप है कि उसके और भाई के गले से सोने की चेन छीन ली। गुल्लक में रखे 1.10 लाख रुपये भी लूट लिये। पुलिस ने पीड़ित दीपक कुरेले की तहरीर पर नईम, उसके पिता को नामजद कर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, लूटपाट, मारपीट आदि संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी नईम और उसके पिता को पकड़ा है, जिनसे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।