फरधान। दहेज में बाइक की फरमाइश न पूरी होने से ऐन मौके पर बरात न लाने के आरोपी दूल्हे और उसके पिता के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने रिपोर्ट में कहा है कि उसने बेटी की शादी मितौली थाना क्षेत्र के गांव हैदरनगर निवासी मुसाफिर के पुत्र राहुल के साथ तय की थी। 21 अप्रैल को बरात आनी थी, लेकिन बाइक की मांग पूरी न हो पाने पर दूल्हा पक्ष बरात नहीं लाया। दूल्हा पक्ष ने रिपोर्ट कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी मुसाफिर और उसके पुत्र राहुल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हम शादी तो नहीं करा सकते : थानाध्यक्ष
फरधान थाना पुलिस मामले में हीलाहवाली कर रही थी। थानाध्यक्ष से जब इस बारे में पूछा गया तो बोले कि हम शादी तो करा नहीं सकते। 22 अप्रैल को पीड़ित पक्ष की तहरीर तक नहीं ली। अब खबर छपने के बाद 26 अप्रैल की देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप यह भी है कि फरधान पुलिस ने मीडिया के पास जाने पर पीड़ित पक्ष को धमकाया।