लखीमपुर खीरी। बेहजम ब्लॉक में साधन सहकारी समिति अछनिया में संचालित पीसीएफ के धान क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ किसानों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद जांच में आरोप सही पाए गए हैं। इस पर जिला प्रबंधक अंकुर कंचन ने शनिवार को केंद्र प्रभारी रंजना राठौर के खिलाफ नीमगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अछनिया स्थित क्रय केंद्र का कुछ दिन पहले डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने निरीक्षण किया था। इसके बाद भी किसानों का धान खरीदने में केंद्र प्रभारी द्वारा आनाकानी की जाती रही। आरोप है कि किसानों एक सप्ताह तक टरकाया जाता रहा, जिससे मजबूरन किसानों को औने-पौने दामों पर धान बिचौलियों के हाथ बेचना पड़ा। अधिकारियों द्वारा पंजीकृत किसानों से फीडबैक लिया गया, जिसमें किसानों ने अछनिया क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम के निर्देश पर शनिवार को डिप्टी आरएमओ लालमणि पांडेय, जिला प्रबंधक पीसीएफ अंकुर कंचन व एएमओ प्रमोद गुप्ता जांच करने क्रय केंद्र पहुंचे, जहां पर मौजूद किसानों ने भी पूछताछ में बताया कि केंद्र प्रभारी द्वारा उनका धान नहीं खरीदा जा रहा है। बल्कि विभिन्न कारण बताकर टरकाया जाता है। इसके बाद जिला प्रबंधक अंकुर कंचन ने नीमगांव थाने में केंद्र प्रभारी रंजना राठौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।