नालों और सड़क से खुद हटा लें
कब्जा, अन्यथा चलेगी जेसीबी
- ईओ ने भ्रमण के दौरान अतिक्रमणकारियों को दी हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। ईओ ने शनिवार को शहर का भ्रमण किया। कर्मचारियों के साथ पालिका से सदर चौराहा और फिर वहां से संकटा देवी चौराहा तक सड़क का हाल देखा। दुकानदारों को पूर्व में निर्धारित मानक के अनुसार सड़क और नालों से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी लोग समय रहते अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा जेसीबी से हटवाया जाएगा।
शहर में बारिश के दौरान जलभराव न हो इसके लिए शासन ने नालों और सड़कों को कब्जा मुक्त करने के निर्देश दिए थे। इस पर पिछले काफी दिन से शहर में अतिक्रमण अभियान चलाया गया। कुछ दुकानदारों ने नालों से कब्जा हटा लिया, लेकिन कुछ व्यापारियों के कानों पर अब तक जूूं तक नहीं रेगीं है। बता दें कि पिछले ईओ आआर अंबेष ने करीब एक सप्ताह पहले दुकानदारों को तीन दिन में नाला खाली करने की चेतावनी दी थी। मगर, दुकानदारों ने उसे अनसुना कर दिया। इस दौरान उनका तबादला भी हो गया। इधर, नए ईओ संजय कुमार ने पालिका का कार्यभार भी संभाल लिया है। शासन की मंशा को साकार करने के लिए शनिवार को ईओ ने हीरालाल धर्मशाला चौराहा से सदर चौराहा और फिर वहां से संकटा देवी चौराहे तक पैदल भ्रमण कर सड़क की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों को जेसीबी के प्रकोप से बचने के लिए निर्धारित मानक के अनुसार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
शासन से नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश हैं। इसके लिए जल्द ही नालों से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। दुकानदार स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा पालिका जेसीबी से हटवाएगी।
- संजय कुमार, ईओ, नगर पालिका, लखीमपुर