फरधान। बिना किसी अपहरण और बंधक बनाए पांच लाख की फिरौती मांगने की बात प्रकाश में आई है। मांग पूरी न होने पर गृह स्वामी के बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है। हालांकि अभी तक फिरौती मांगने वाले ने किसी को बंधक नहीं बनाया है, सिर्फ चिट्ठी डालकर अपना संदेश दिया है।
थाना क्षेत्र के करनपुर निबहा निवासी छोटे अली पुत्र नजीर अली के घर सुबह एक पत्र मिला। पत्र में 21 जनवरी को पांच लाख रुपये गांव के बाहर बने एक स्थान पर रखने को लिखा गया है। जिस स्थान पर पैसा रखने को कहा गया है वह जगह गांव के बाहर ही है। सोमवार की देर रात को किसी ने छोटे अली के गेट के अंदर यह चिट्ठी डाली है। लिखावट से ऐसा लगता है कि चिट्ठी लिखने वाला बहुत कम पढ़ा लिखा है। उसने अपने को उग्रवादी बताते हुए यह बताया है कि वह इसी एरिया में छिपा हुआ है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर होशियारी करेगा तो उसके बेटे को गायब कर देंगे और फिर चार गुना रकम उन्हीं से लेकर उनको और उनके बेटे दोनों को मार देंगे। पीड़ित ने घटना की लिखित तहरीर थाना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि जानकारी मिली है मामले की जांच करवाई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला मजाक का लग रहा है। जिससे फिरौती मांगने की चर्चा है वह छोटा गल्ला व्यापारी का बेटा है। तहरीर मिली है जांचकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद