लखीमपुर खीरी। जिले में बुधवार को श्रीराम नवमी का पर्व श्रद्धा के साथ मनाई गई। नवरात्र के चलते देवी मंदिरों में हवन पूजन हुआ। शहर के मां संकटा देवी मंदिर में बुधवार को विधि विधान से मंदिर प्रशासन ने हवन कराया। इसमें भक्तों ने भी हवन सामग्री देकर आहुतियां डलर्वाइं।
नवरात्र समापन के अंतिम दिन बुधवार को शहर के संकटा देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों ने पहुंचना शुरू कर दिया। महिलाओं एवं पुरुषों ने विधिवत मां के दर्शन कर पूजन किया। सामूहिक कन्या भोज एवं हवन कराने पर पाबंदी होने के कारण भक्तों ने मंदिर प्रशासन की ओर से कराए जा रहे हवन में सामग्री देकर आहुतियां डलवाई। पंडित मदन शुक्ला ने बताया कि भक्तों ने हवन पूजन के उपरांत व्रत का परायण कर मां से कोरोना से निजात दिलाने के लिए प्रार्थना की।
कोविड प्रोटोकॉल का हुआ पालन
लखीमपुर खीरी। गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नवरात्र पर कन्या भोज परंपरा का निर्वहन किया। माता भगवती देवी भोजन प्रसाद सेवा टीम के लोगों ने दूरस्थ कन्याभोज का आयोजन कर कन्याओं को भोज किट दी। युवा प्रकोष्ठ के अनुराग मौर्य ने बताया कि आस पास के मोहल्लों में भ्रमण कर कन्याओं की सूची बनाई। इसके बाद टीम सदस्यों ने घर घर जाकर कन्याओं के चरणों में पुष्प अर्पित कर कन्याभोज सामग्री किट दी, जिसमें टिफिन, हलवा, लड्डू, फल, प्रसाद, मुद्रादान लिफाफा सहित नवरात्रि यज्ञ भस्म, पेन, पेंसिल, इरेजऱ, स्केल, कॉपी सहित घरों में सुसंस्कार स्थापना के लिए गायत्री मंत्र लेखन पुस्तिका, सुवाक्य स्टीकर थे। टीम में पंकज तपाडिय़ा, शुभम गुप्ता, शैलेश बरनवाल, अनुपम मौर्य सहित महिला मंडल महिलाएं शामिल रहीं।
रामनवमी पर हुआ प्रभु राम का पूजन
शहर के बर्तन बाजार स्थित श्रीराम मंदिर में बुधवार केे श्रीरामनवमी पर्व कोविड नियमों का पालन करते हुए मनाया गया। भक्तों ने विधविधान से श्रीराम परिवार का पूजन कर प्रसाद लेकर कोरोना से निजात दिलाने की मन्नत मांगी।
रामनवमी पर मंदिर में आरती करते पुजारी। संवाद- फोटो : LAKHIMPUR