लखीमपुर के मोहल्ला रामनगर में लोगों ने लगाए पोस्टर रोड नहीं तो वोट नहीं
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। नगर पालिका प्रशासन भले ही विकास कार्य का ढोल पीट रहा हो, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। स्थिति यह है कि रामनगर वार्ड में गली का निर्माण न होने से वार्डवासियों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं के पोस्टर तक चस्पा कर दिए है। वार्ड की सदस्य तक पालिकाध्यक्ष और ईओ पर वार्ड की अनदेखी का आरोप लगा रही हैं।
रामनगर वार्ड में एक गली का निर्माण न होने से उसमें रहने वालों ने रोड नहीं तो वोट नही के पोस्टर लगा दिए हैं। जो शनिवार को शहर भर में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि नगर पालिका अध्यक्ष से लेकर ईओ तक शहर में विकास कार्य कराने का दावा कर रहे है, जिसकी हकीकत चुनाव आते ही वार्ड के लोग दिखाने लगे है। वार्डवासियों ने गली का निर्माण न होने से लोकतंत्र के महायज्ञ में मतदान रूपी आहुति डालने से इनकार कर दिया है। सभासद भी नगर पालिका प्रशासन पर वार्ड में विकास न कराने का आरोप लगा रही हैं।
पिछले चार साल में विकास के नाम पर कोई कार्य वार्ड में नहीं हुआ। सड़क से लेकर नालियां तक टूटी पड़ी है। विकास कार्य में अनदेखी से वार्ड में निकलना मुश्किल है। नालियों पर डालने के लिए एक पत्थर जरूर मिला था, जिसे हमने वापस कर दिया था। आखिरकार जनता अपना दर्द तो कहेगी ही।
- सुभद्रा सभासद रामनगर वार्ड