उचौलिया। एक सप्ताह पहले हुई सुरतियापुर निवासी रामविलास की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, रामविलास की हत्या उसके भतीजों ने साथियों के साथ मिलकर संपत्ति के लालच में की थी। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नहीं पकड़ा जा सका।
सुरतियापुर निवासी 58 वर्षीय रामविलास उर्फ मझिले का शव चार अप्रैल को सहिजना के पास मिला था। पुलिस के मुताबिक, रामविलास की हत्या जमीन और मकान के लालच में उनके छोटे भाई शिवकुमार के पुत्र अंकित दीक्षित उर्फ मोनू और चंद्रभाल के पुत्र ललित उर्फ श्यामप्रकाश ने अपने बहनोई के छोटे भाई विवेक शुक्ला और विवेक के दोस्त अंशु शुक्ला निवासी भगनापुर थाना मोहम्मदी खीरी के साथ मिलकर की थी।
पुलिस ने बताया कि दो अप्रैल को शादी कराने का झांसा देकर आरोपी रामविलास को शाहजहांपुर ले गए। वहां घुमाने के बाद सहिजना के पास ले आए। यहां सभी ने शराब पी और फिर रामविलास के गमछे से उनका गला कसकर हत्या कर दी।
घटना के बाद वे शव वहीं छोड़कर भाग गए। पुलिस ने हत्या में शामिल अंकित, ललित और विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक बाइक, मोबाइल फोन, रामविलास की बैंक पासबुक, खतौनी और निर्वाचन कार्ड बरामद किया है।